रायपुर, 8 मई। छत्तीसगढ़ में जमीन रिकॉर्ड व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल होने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य गठन के बाद पहली बार प्रदेश के लगभग सभी जमीन रिकॉर्ड ऑनलाइन कर दिए गए हैं। सरकार के अनुसार 5 मई तक रायपुर समेत राज्य के सभी जिलों के गांवों में 5.87 करोड़ से ज्यादा खसरा रिकॉर्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
सरकार ने जमीन रजिस्ट्री और नामांतरण प्रक्रिया को भी ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ दिया है। अब रजिस्ट्री होते ही नामांतरण की प्रक्रिया स्वतः शुरू हो जाएगी, जिससे लोगों को तहसीलों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
राजस्व विभाग ने 20 हजार से अधिक गांवों के भूमि रिकॉर्ड को ऑनलाइन कर राजस्व व्यवस्था को पेपरलेस और पारदर्शी बनाने का दावा किया है। नए सिस्टम में जमीन रिकॉर्ड से मोबाइल नंबर लिंक किए गए हैं। ऐसे में रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, फेरबदल या संदिग्ध गतिविधि होने पर जमीन मालिक और संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना मिल सकेगी।
सरकार का कहना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से जमीन विवाद कम होंगे, पारदर्शिता बढ़ेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।
तहसील के चक्कर खत्म! छत्तीसगढ़ में जमीन रिकॉर्ड और नामांतरण प्रक्रिया डिजिटल

Comments