सरकार का बड़ा फैसला: प्रशासनिक ढांचे में होगा बदलाव

रायपुर | 04 मई 2026 छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के समापन के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंत्रालय से लेकर जिलों तक कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया जा सकता है। इसमें संभागायुक्त, कलेक्टर और जिला पंचायतों के सीईओ भी शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कई जिलों में प्रशासनिक कार्यों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। जिन अधिकारियों का प्रदर्शन कमजोर पाया गया है, उन्हें हटाया जा सकता है। इसके साथ ही मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में पदस्थ अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव संभव है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार सुशासन तिहार के जरिए प्रदेश में पारदर्शिता और कसावट लाने के प्रयास में है। सरकार का फोकस जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आम जनता तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने पर है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री स्वयं जिलों का दौरा कर योजनाओं की समीक्षा और फीडबैक ले रहे हैं।
बस्तर संभाग में नक्सलवाद की स्थिति में सुधार के बाद अब सरकार का ध्यान दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने पर है। प्रशासनिक बदलाव इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
इसी बीच रायपुर संभागायुक्त महादेव कावरे इस माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके चलते नए संभागायुक्त की नियुक्ति की जाएगी। वहीं पुलिस विभाग में भी फेरबदल की चर्चा है, जहां कुछ वरिष्ठ अधिकारियों और जिलों के पुलिस अधीक्षकों के तबादले संभव हैं।
वन विभाग में भी इस महीने नए वन बल प्रमुख की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है, जिससे विभागीय नेतृत्व में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Comments