निगम की सख्ती: बिना रसीद वसूली करने वाला अधिकारी निलंबित

बिलासपुर | दिनांक: 03 मई 2026. बिलासपुर नगर निगम ने भ्रष्टाचार और अभद्र व्यवहार के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेनेटरी इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई दुकानदार की शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के प्रभारी वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक दीपक कुमार पंकज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक दुकानदार से अभद्र व्यवहार किया, बिना रसीद जुर्माना वसूला और दुकान से बिना भुगतान किए सामान ले लिया।
मामले में शिकायतकर्ता दुकानदार ने निगम प्रशासन को CCTV फुटेज सौंपा, जिसमें आरोपी अधिकारी की आपत्तिजनक गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दीं। फुटेज सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
निगम का कहना है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments