रायपुर, 24 अप्रैल 2026। प्रदेश में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव कर दिया गया है। अब केंद्र 6 घंटे की जगह सिर्फ 4 घंटे खुलेंगे।
क्या है नया टाइम टेबल: 1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक सभी आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगे। खास बात ये कि 23 अप्रैल से 30 जून तक बच्चों को सिर्फ सुबह 7:00 से 9:00 बजे तक ही केंद्र में बुलाया जाएगा। 9 बजे के बाद उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया जाएगा ताकि लू और तेज धूप से बच सकें।
पढ़ाई-पोषण जारी रहेगा: विभाग ने साफ किया है कि समय कम होने से बच्चों की ECCE गतिविधियां और पोषण आहार पर असर नहीं पड़ेगा। 7 से 9 बजे के बीच ही बच्चों को पढ़ाई और पूरक पोषण दिया जाएगा। गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
11 बजे तक चलेगा स्टाफ का काम: बच्चों के जाने के बाद 11 बजे तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं केंद्र में अन्य जरूरी काम निपटाएंगी। इसके बाद वे घर-घर जाकर माताओं को पोषण परामर्श देंगी। गृहभेंट को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा पर सख्ती: विभाग ने चेतावनी दी है कि गर्म हवाओं में बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी होगी। लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी। सभी जिला अधिकारियों को रोज मॉनिटरिंग और समीक्षा बैठक में प्रगति रिपोर्ट देने को कहा गया है।
1 जुलाई से फिर पुराना समय: गर्मी खत्म होने के बाद 1 जुलाई से आंगनबाड़ी केंद्र फिर सुबह 9:30 से दोपहर 3:30 बजे तक 6 घंटे चलेंगे।

Comments