रायपुर के प्राइवेट अस्पताल ने भिलाई के युवक को मृत घोषित कर सौंपी बॉडी, एंबुलेंस में हिली लाश, इलाज के दौरान मौत

रायपुर के एक निजी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। भिलाई निवासी एक युवक को अस्पताल द्वारा मृत बताकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लेकिन अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय एंबुलेंस में युवक के शरीर में हलचल दिखाई देने से परिजनों में हड़कंप मच गया। युवक को तत्काल दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार अस्पताल से निकलने के कुछ देर बाद एंबुलेंस में युवक के हाथ-पैर हिलते नजर आए। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। घर पर अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी हो चुकी थी। अर्थी सजाई जा चुकी थी और अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी थीं। युवक के शरीर में हरकत देखने के बाद अंतिम संस्कार रोक दिया गया और उसे तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे परिजनों ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में युवक के शरीर में हलचल दिखाई देने का दावा किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है। अस्पताल की ओर से डॉ. आशीष मित्तल ने कहा कि मरीज की हालत बेहद गंभीर थी, लेकिन उसे मृत घोषित नहीं किया गया था। उनके अनुसार परिजन मरीज को अपनी इच्छा से अस्पताल से ले गए थे और इसके लिए उन्होंने एलएएमए (Leave Against Medical Advice) फॉर्म पर हस्ताक्षर किए थे।
घटना के बाद पूरे मामले की जांच की मांग उठ रही है। अब यह जांच का विषय है कि मरीज को लेकर अस्पताल और परिजनों के दावों में सच्चाई क्या है।

Comments