पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में उरगा और कुसमुंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी उरगा निरीक्षक नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कसडोल स्थित एक बंद परिसर में अवैध रूप से लोहे का कबाड़ जमा किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और पंचों की मौजूदगी में परिसर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक और एक अन्य ट्रक से करीब 14 टन लोहे का कबाड़ तथा मोटरसाइकिलों के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से तीनों वाहनों को भी जब्त कर लिया। उरगा पुलिस द्वारा जब्त कबाड़ और वाहनों की कुल कीमत लगभग 12.60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की जांच की जा रही है तथा संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।

Comments