‘सीपत चौक में गैस का गोरखधंधा उजागर’: 54 सिलेंडर, नोजल-तौल मशीन जब्त, बिना लाइसेंस कर रहे थे रिफिलिंग, कलेक्टर के आदेश पर सुबह-सुबह छापा

बिलासपुर, 24 अप्रैल 2026। सरकंडा सीपत चौक में घर-घर गैस बम रखने का खेल चल रहा था। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर शुक्रवार सुबह खाद्य विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापा मारकर गैस रिफिलिंग के बड़े गोरखधंधे का पर्दाफाश कर दिया।

कहां-कहां पड़ी रेड: खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मार्गदर्शन में AFO अजय मौर्य और विनीता दास की टीम ने दो ठिकानों पर कार्रवाई की।

1. महामाया गैस चूल्हा सुधारक: संचालक लव निमेष जायसवाल, जो गर्ल्स हॉस्टल भी चलाते हैं, के यहां से 19 नग 14.2 KG के भरे-आंशिक भरे घरेलू सिलेंडर और 35 नग 5 KG के घरेलू-कॉमर्शियल सिलेंडर, कुल 54 सिलेंडर जब्त*। साथ ही *7 रिफिलिंग नोजल, 1 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य उपकरण भी मिले।

2. विजय स्टील: मालिक सनटी अग्रवाल के यहां से 2 घरेलू सिलेंडर, 3 रिफिलिंग नोजल और *1 तौल मशीन जब्त*।

क्यों खतरनाक था धंधा: जांच में सामने आया कि बिना किसी वैध लाइसेंस के सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग कर अवैध बिक्री की जा रही थी। सुरक्षा मानकों की पूरी अनदेखी हो रही थी। रिहायशी इलाके में इतने सिलेंडर रखना किसी बड़े हादसे को न्योता था।

मौके पर इंडेन वैन बुलाई: टीम ने सभी जब्त सिलेंडर और सामग्री को सील कर सुरक्षित किया। मौके से गुजर रही कोनी इंडेन की डिलीवरी वैन को रुकवाकर सभी सिलेंडर संबंधित एजेंसी को सुपुर्द कर दिए गए।

प्रशासन सख्त: जिला प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसी अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी। आमजन से अपील है कि अवैध रिफिलिंग की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

Comments