पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कोटमीकला के साप्ताहिक हाट बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी को निशाना बनाया था। बदमाशों का उद्देश्य सोना-चांदी से भरा बैग लूटना था। जब प्रदीप सोनी ने विरोध किया तो मुख्य आरोपी मनीष मंडल ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बिहार और झारखंड से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बांका जिले का मनीष मंडल उर्फ राहुल, सुजीत उर्फ राजू दास तथा झारखंड के गोड्डा निवासी संतोष दास शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए 2 देसी कट्टे, 4 जिंदा कारतूस, लूटा गया 40 ग्राम सोना, लगभग साढ़े चार किलो चांदी, 7 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल और एक स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच जारी है। जल्द ही इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है।

Comments