जानकारी के अनुसार, खमतराई थाना क्षेत्र के बीरगांव में जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिविर स्थल के बाहर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान बैरिकेडिंग के पास कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया। स्थिति को बिगड़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
प्रदर्शन के दौरान रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के खिलाफ भी नारे लगाए गए। कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए प्रदर्शन के दौरान विधायक के काफिले को रोकने की कोशिश किए जाने की भी चर्चा रही। हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर यातायात और कार्यक्रम की व्यवस्था सामान्य बनाए रखी।
कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि प्रदर्शन पूर्व निर्धारित था और इसकी जानकारी प्रशासन को पहले ही दे दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की जा रही है, इसलिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया गया। वहीं प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से स्थिति सामान्य होने के बाद सुशासन तिहार कार्यक्रम निर्धारित रूप से संचालित हुआ।

Comments