CG BRAKING: निर्माणाधीन मकान बना मौत का घर: एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

जांजगीर-चांपा गुरुवार 14 मई 2026: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर सोते समय परिवार के चार सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवनतरा गांव का है। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। उनकी पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीतांबर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोंगरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चारों लोग निर्माणाधीन मकान के भीतर खाट पर सो रहे थे। बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। गुरुवार सुबह जब एक मिस्त्री निर्माण कार्य के लिए वहां पहुंचा तो उसने चारों शव खून से लथपथ हालत में पड़े देखे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस सामूहिक हत्या ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।

Comments