बिलासपुर, 25 अप्रैल 2026। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में लॉ के छात्रों के बीच सांप्रदायिक टिप्पणी को लेकर मारपीट हो गई। मामला तब भड़का जब एक ग्रुप के छात्रों ने राजपूत समाज को लेकर ‘मुसलमान’ कहने वाली टिप्पणी की। साथ ही महापुरुषों पर गंदे कमेंट वाले चैट भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
कैसे शुरू हुआ विवाद: जानकारी के मुताबिक लॉ डिपार्टमेंट के दो छात्र गुटों के बीच वॉट्सऐप ग्रुप में बहस हुई। आरोप है कि एक पक्ष ने राजपूत समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें मुसलमान बताया। इतना ही नहीं, कुछ महापुरुषों को लेकर भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद दूसरा पक्ष भड़क गया और कैंपस में दोनों गुटों के बीच हाथापाई हो गई।
यूनिवर्सिटी ने की कार्रवाई: घटना की जानकारी मिलते ही GGU प्रशासन हरकत में आया। कुलसचिव ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सोशल मीडिया चैट और वायरल स्क्रीनशॉट को जांच में लिया है। दोनों पक्षों के छात्रों से पूछताछ की जा रही है। विश्वविद्यालय ने आंतरिक अनुशासन समिति से भी जांच के निर्देश दिए हैं।
कैंपस में तनाव: मारपीट के बाद कैंपस का माहौल तनावपूर्ण है। छात्र संगठन भी आमने-सामने आ गए हैं। एक पक्ष ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने खुद को पीड़ित बताया। पुलिस ने कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी है और छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Comments