रायपुर, 25 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक 29 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे से नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में होगी। 30 अप्रैल को विधानसभा के विशेष सत्र से ठीक पहले हो रही इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।
निंदा प्रस्ताव पर लगेगी मुहर: सूत्रों के मुताबिक लोकसभा में महिला आरक्षण से संबंधित नारी शक्ति वंदन विधेयक-2026 के पारित न होने के बाद साय सरकार विशेष सत्र में विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएगी। 29 अप्रैल की कैबिनेट में इस निंदा प्रस्ताव के ड्राफ्ट को मंजूरी दी जा सकती है। सरकार विपक्ष को महिला आरक्षण के मुद्दे पर घेरने की तैयारी में है।
इन मुद्दों पर भी चर्चा: बैठक में कई विभागों के प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। खरीफ सीजन 2026 के लिए प्रदेश में खाद-बीज की उपलब्धता पर रिव्यू होगा। साथ ही पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए LPG सिलेंडर और डीजल-पेट्रोल की सप्लाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी।
सियासी संकेत: विशेष सत्र से पहले कैबिनेट में निंदा प्रस्ताव को मंजूरी देकर सरकार सदन में आक्रामक रुख के संकेत दे रही है। विपक्ष को महिला आरक्षण के मुद्दे पर कटघरे में खड़ा करने की रणनीति है।

Comments