होली पर ‘ड्राई डे’ बरकरार: सरकार बैकफुट पर, अब बंद रहेंगी शराब दुकानें और बार

रायपुर।
छत्तीसगढ़ में होली के दिन शासकीय शराब दुकानों को खोले जाने के फैसले पर राज्य सरकार ने यू-टर्न ले लिया है। अब हर वर्ष की तरह इस बार भी होली के दिन प्रदेशभर में शराब की दुकानें और अहाते बंद रहेंगे। यह निर्णय जन सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण तरीके से होली पर्व मनाने के मद्देनजर लिया गया है।
 
गौरतलब है कि शासन ने चालू वर्ष में घोषित 7 ड्राई डे में से 3—होली, मुहर्रम और 30 जनवरी (महात्मा गांधी की पुण्यतिथि)—को मुक्त कर दिया था। इसी के तहत 30 जनवरी को शराब दुकानें और अहाते खुले रहे, जिसका विपक्षी दलों ने विरोध भी किया था। होली पर भी दुकानें खोलने की तैयारी चल रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा कर दी कि होली के दिन शराब की बिक्री नहीं होगी। इसके बाद मंगलवार को आबकारी विभाग ने आदेश जारी कर शराब दुकानें और अहाते बंद रखने के निर्देश दे दिए।

 उड़नदस्ता टीमें रहेंगी तैनात
होली के दौरान अवैध शराब बिक्री, होटल-बार में चोरी-छिपे परोसने और तस्करी की आशंका को देखते हुए जिला, संभाग और राज्य स्तर पर उड़नदस्ता टीमों का गठन किया जाएगा। ये टीमें होली के दिन विशेष निगरानी रखेंगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेंगी।
 
 होटल-बार में भी प्रतिबंध
आबकारी विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र सिंह भारद्वाज द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि लाइसेंस प्राप्त होटल, बार, रेस्टोरेंट और क्लबों में भी होली के दिन शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
 
कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता
सरकार का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है, ताकि प्रदेश में होली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके।

Comments