जन्मदिन की रात बना मौत की रात, आंखें बंद करते ही प्रेमिका पर पत्थर से वार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है। खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव में एक युवती की हत्या कर उसका शव नाले की रेत में दफनाने के मामले में पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि युवती लगातार आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने इस खौफनाक अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। युवती आरोपी के जन्मदिन की रात कुछ कपड़े लेकर आधी रात को घर से निकलकर उसके पास पहुंची थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने युवती को शादी के लिए हामी भरकर मिलने बुलाया था।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मुलाकात के दौरान शारीरिक संबंध भी बने। इसके बाद आरोपी ने युवती से कहा कि वह उसे जन्मदिन पर एक विशेष उपहार देना चाहता है और इसके लिए आंखें बंद करने को कहा। जैसे ही युवती ने आंखें बंद कीं, आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने की कोशिश की। उसने शव को पास के नाले तक ले जाकर रेत में दफना दिया। युवती के लापता होने के बाद शुरू हुई पुलिस जांच में कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments