अब तक पुलिस मुख्यालय (PHQ), नवा रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ बद्रीनारायण मीणा को बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र की कमान सौंपे जाने को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। सुरक्षा मामलों में उनके लंबे अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए सरकार ने यह जिम्मेदारी सौंपी है।
मीणा इससे पहले दुर्ग रेंज के आईजी तथा विभिन्न जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उनके अनुभव को बस्तर क्षेत्र के लिए उपयोगी माना जा रहा है।
राजस्थान से बस्तर तक का सफर
मूल रूप से राजस्थान के जयपुर जिले के निवासी बद्रीनारायण मीणा ने अपनी स्कूली और उच्च शिक्षा जयपुर में पूरी की। उन्होंने सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से दसवीं, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोद्दार से बारहवीं तथा राजस्थान कॉलेज, जयपुर से वर्ष 2000 में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्होंने पहली बार वर्ष 2001 में परीक्षा दी और बाद में 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी बने। उनके भाई श्रवण मीणा भी इसी बैच के अधिकारी रहे, जिन्होंने बाद में भारतीय राजस्व सेवा (IRS) का चयन किया।
बस्तर रेंज में उनकी नियुक्ति को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Comments