मिलावटखोरों पर शिकंजा: कोरबा में खाद्य सुरक्षा टीम की अचानक छापेमारी


कोरबा, 13 जून 2026। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कोरबा शहर में विशेष जांच अभियान चलाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और कॉलोनियों में स्थित दुकानों पर अचानक निरीक्षण कर खाद्य गुणवत्ता की जांच की।
अभियान के दौरान बर्गर बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, पैकेट बंद खाद्य पदार्थ, मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं, उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

डोमिनोज और KFC से भी लिए गए सैंपल

खाद्य सुरक्षा टीम ने पाम मॉल स्थित डोमिनोज पिज्जा से चिकन बर्गर तथा KFC से चिकन पॉपकॉर्न राइस बाउल के नमूने लिए। साथ ही दोनों प्रतिष्ठानों को वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के काउंटर अलग-अलग रखने के निर्देश दिए गए।

कई दुकानों की हुई सैंपलिंग

दादर स्थित कौशल बेवरेज से पैक्ड वाटर, कमला सुपर मार्ट से टोस्ट और बिस्किट, जेलगांव स्थित समलेश्वरी स्टोर से सरसों तेल एवं घी तथा टीपी नगर स्थित जियो मार्ट से रॉक सॉल्ट और रस्क के नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच अभियान केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में ग्रामीण इलाकों, हाट-बाजारों और मेलों में भी खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग की जाएगी। विभाग ने आम नागरिकों से लाइसेंसधारी और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की है।

Comments