जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 9 जून को सुबह 11 बजे कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान कांग्रेस नेता और किसान बैलगाड़ियों के माध्यम से कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेताओं ने आरोप लगाया कि सोसायटियों और पेट्रोल पंपों पर लगाए गए कड़े प्रशासनिक नियम किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि खाद का सीमित कोटा तय करना और डीजल वितरण पर प्रतिबंध लगाना किसान विरोधी निर्णय हैं।
नेताओं ने कहा कि खरीफ सीजन के लिए प्रति एकड़ केवल एक बोरी खाद देने की पात्रता पूरी तरह अव्यावहारिक है। किसानों की वास्तविक जरूरत के अनुसार पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन किश्तों में खाद देने की व्यवस्था समाप्त कर एकमुश्त खाद वितरण किया जाए।
कांग्रेस ने टोकन व्यवस्था को भी विफल बताते हुए इसे तत्काल समाप्त करने की मांग की है। इसके अलावा खाद-बीज वितरण पर प्रशासनिक नियंत्रण हटाने और ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर किसानों को पहले की तरह जरीकैन में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

Comments