जांजगीर-चांपा में फूड पॉइजनिंग का कहर: 4 बच्चे बीमार, एक की गई जान

जांजगीर-चांपा, 12 मई। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से फूड पॉइजनिंग का दर्दनाक मामला सामने आया है। जिले के घुरकोट गांव में तरबूज और चिकन खाने के बाद एक ही परिवार के 4 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चे अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने घुरकोट आए थे और पिछले तीन-चार दिनों से वहीं रुके हुए थे। रविवार सुबह काटकर रखा गया तरबूज दोपहर में बच्चों ने खाया। इसके बाद शाम को घर में बना चिकन भी खाया गया। कुछ देर बाद सभी बच्चों को उल्टी-दस्त, पेट दर्द और सांस लेने में तकलीफ शुरू हो गई।
परिजनों ने पहले गांव में ही इलाज कराया, लेकिन हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार देर तक कटे हुए तरबूज के सेवन से संक्रमण फैलने की आशंका है। फिलहाल डॉक्टर पूरे मामले को फूड पॉइजनिंग मानकर जांच कर रहे हैं। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

Comments