रायपुर 10 मई 2026: नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मुकाबले को लेकर राजधानी में उत्साह चरम पर है। रविवार को होने वाले पहले आरसीबी और एमआई मैच के लिए हजारों दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मुकाबले को लेकर राजधानी में उत्साह चरम पर है। रविवार को होने वाले पहले आरसीबी और एमआई मैच के लिए हजारों दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके साथ ही स्टेडियम में प्रवेश को लेकर कई सुरक्षा निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मैच के दौरान खिलाड़ियों, वीआईपी मेहमानों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए 1200 से अधिक पुलिस जवान अलग-अलग मार्गों और स्टेडियम परिसर में तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर और बाहरी इलाकों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
अलग-अलग जिलों से आने वालों के लिए तय किए गए मार्ग
रायपुर शहर से आने वाले दर्शकों को तेलीबांधा तिराहा, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नवा रायपुर मार्ग से होकर स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है। वहीं बिलासपुर, बलौदाबाजार, खरोरा, महासमुंद और सरायपाली की ओर से आने वाले वाहन अलग-अलग निर्धारित रूट से स्टेडियम पहुंचेंगे। धमतरी और जगदलपुर की दिशा से आने वाले दर्शकों को अभनपुर और मंत्रालय चौक मार्ग से होकर पार्किंग तक पहुंचने की सुविधा दी गई है। दुर्ग-भिलाई की ओर से आने वाले लोगों के लिए भी अलग ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
स्टेडियम के पास बनाई गई पार्किंग
इस बार आम दर्शकों के लिए भी स्टेडियम के आसपास पार्किंग व्यवस्था की गई है। सत्यसाईं अस्पताल, सेंध तालाब, परसदा और कोसा क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग तय की गई है। वहां से दर्शक पैदल स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे।
पासधारकों के लिए अलग व्यवस्था
A से G श्रेणी तक के पार्किंग पास वाले वाहनों के लिए अलग वीआईपी रूट तैयार किया गया है। ऐसे वाहन सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नवा रायपुर मार्ग से होकर सीधे निर्धारित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।
मैच के दौरान भारी वाहनों की एंट्री बंद
यातायात पुलिस ने बताया कि मैच वाले दिन दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक नवा रायपुर के आसपास भारी और मालवाहक वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
स्टेडियम में इन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के अंदर कई वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इनमें शराब, सिगरेट, गुटखा, लाइटर, पटाखे, चाकू, कैंची, धारदार वस्तुएं, कांच की बोतलें, बड़े बैग, लैपटॉप, लेजर लाइट, हॉर्न, झंडे, डंडे और पालतू जानवर शामिल हैं।
“RCB-MI मुकाबले को लेकर रायपुर में उत्साह चरम पर, पुलिस ने जारी की एडवाईजरी

Comments