CG में परीक्षा में बड़ी लापरवाही: अंग्रेजी प्रश्न पत्र में 250 से ज्यादा स्पेलिंग गलतियां, छात्रों में हड़कंप

दुर्ग: आठवीं बोर्ड परीक्षा में बुधवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली जब अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र में 250 से अधिक स्पेलिंग गलतियां पाई गईं। कई शब्दों में अक्षर गायब थे, जिससे छात्र परेशान हो गए और तनाव में आ गए। जैसे ही इस गलती की जानकारी शिक्षकों तक पहुंची, शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी परीक्षा केंद्रों को प्रश्न पत्र की सॉफ्ट कॉपी भेजकर गलतियों को ठीक करवाया। छात्रों को इस गड़बड़ी के कारण परीक्षा पूरी करने के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया।

जिला स्तर पर बनी गलती, जिम्मेदार अधिकारियों पर उठे सवाल

यह प्रश्न पत्र जिला स्तर पर तैयार किया गया था, इसलिए पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की बनती है। इस गलती के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में आए और तुरंत सुधार कार्य किया।

इस बार परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रश्न पत्रों को पेटियों में बंद कर थाने में रखा गया था, लेकिन इतनी बड़ी चूक ने परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षकों का कहना है कि यदि यह गलती उनके स्तर पर होती, तो अब तक जांच शुरू हो चुकी होती और कार्रवाई की जाती। कई शिक्षकों ने मांग की है कि इस मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों की सफाई

विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोविंद साव ने बताया कि अंग्रेजी प्रश्न पत्र में बड़ी मात्रा में गलतियां थीं, लेकिन समय रहते उन्हें ठीक कर लिया गया। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने कहा कि त्रुटि सुधार के बाद परीक्षा सुचारू रूप से पूरी हुई और छात्रों को कोई परेशानी नहीं हुई। अब देखना यह होगा कि इस चूक के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है, या फिर यह मामला यूं ही दबा दिया जाएगा।

Comments