महासमुंद में शराब पार्टी के बाद हत्या, महानदी किनारे रेत में दफन मिला शव

महासमुंद/रायपुर, 29 मई 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। राजधानी रायपुर की मोनेट कंपनी में कार्यरत ऑपरेटर की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक पार्षद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 22 मई की रात ग्राम नकटा में भुवनेश्वर यादव (31) अपने परिचित नोहर दास (35) के साथ शराब पी रहा था। नोहर दास मंदिर हसौद क्षेत्र का निर्दलीय पार्षद बताया जा रहा है। शराब पार्टी के दौरान पानी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान नशे में भुवनेश्वर ने नोहर दास को थप्पड़ मार दिया और तंज कसते हुए कहा कि “तू पार्षद बन गया तो बड़ा आदमी बन गया है।”
बताया जा रहा है कि थप्पड़ से नाराज पार्षद ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर भुवनेश्वर को कार में बैठाकर महासमुंद ले गया। वहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की और शव को महानदी किनारे रेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 28 मई को मौके पर पहुंचकर खुदाई कर शव बरामद किया।
फिलहाल महासमुंद थाना पुलिस ने पार्षद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Comments