बिलासपुर बना ‘भट्ठी’: पारा 40 पार, आज 42°C छूने की चेतावनी, छत्तीसगढ़ में 4 डिग्री तक और चढ़ेगा तापमान, हीट वेव का अलर्ट

बिलासपुर/रायपुर|  छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। न्यायधानी बिलासपुर में तापमान ने 40°C का आंकड़ा पार कर लिया है और आज सोमवार को इसके 42°C तक पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों में पूरे प्रदेश में 3 से 4 डिग्री तक पारा चढ़ने और कई इलाकों में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है।

कहाँ कितना तप रहा है:
बिलासपुर: शनिवार को अधिकतम तापमान 37.5°C था, जो रविवार को सीधे 40°C पर पहुंच गया। 1 दिन में 2.5 डिग्री का उछाल।
दुर्ग: पिछले 24 घंटे में 38.4°C दर्ज, प्रदेश में सबसे ज्यादा।
अंबिकापुर: न्यूनतम तापमान 14.0°C, यानी रातें अभी राहत वाली।
रायपुर-दुर्ग संभाग: 14 अप्रैल से यहां भी पारा 42°C के पार जा सकता है।

क्यों बढ़ रही है गर्मी: ट्रफ सिस्टम का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ओडिशा से गल्फ ऑफ मन्नार तक एक द्रोणिका एक्टिव है। इसके कारण उत्तर-पश्चिम से शुष्क और गर्म हवाएं छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा में घुस रही हैं। इसी सिस्टम से प्रदेश का तापमान लगातार बढ़ रहा है।

अगले 2 दिन का हाल:
एक और द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक 0.9 KM ऊंचाई पर बनी है। इसके असर से अगले 2 दिन यानी 13-14 अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा। 15 अप्रैल से प्रदेश के मध्य भाग में ग्रीष्म लहर यानी हीट वेव चलने की पूरी संभावना है।

आम जन-जीवन पर असर: रविवार छुट्टी का दिन होने से लोग घरों में दुबके रहे। शाम को जब धूप ढली तब ही लोग बाहर निकले। लेकिन सोमवार को ऑफिस-स्कूल खुलते ही लोगों को 42°C की झुलसाती गर्मी का सामना करना पड़ेगा। स्कूटी-बाइक चलाने वाली महिलाएं चेहरे को पूरी तरह ढककर ही निकल रही हैं, जैसा तस्वीर में दिख रहा है।

विभाग की एडवाइजरी:
दोपहर 12 से 3 बजे तक बहुत जरूरी हो तभी बाहर निकलें।
सिर ढककर, पानी की बोतल लेकर चलें।
बुजुर्ग, बच्चे और बीमार घर में रहें।
लू लगने पर तुरंत छांव में लेटाएं, ठंडे पानी की पट्टी रखें।

Comments