गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। थाना मरवाही क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पहली घटना ग्राम बरटोला की है, जहां सुखसेन गोंड (उम्र 44) ने पारिवारिक विवाद और पत्नी की शराब पीने की आदत से परेशान होकर पत्नी श्याम बाई (उम्र 37) की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
दूसरी घटना ग्राम कटरा ललमटिया टोला की है, जहां आनंद उर्फ पप्पू चौधरी ने अपनी पत्नी को रामप्रसाद गोंड नामक युवक से बातचीत करते देख लिया। शक और गुस्से में आकर उसने रामप्रसाद पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी का कहना है कि उसने पहले भी दोनों को मिलने से रोका था, लेकिन वे गुपचुप मिलते रहे।
पुलिस ने दोनों ही मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिए गए हैं।

Comments