रायपुर : नकली सोने के बिस्कुट देकर 15 लाख की ठगी.. आरोपी फरार..

रायपुर ।

लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ व ठगी के इन दिनों लगातार मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में ऐसा ही एक अपराध प्रदेश की राजधानी रायपुर के डीडीनगर थाने में दर्ज हुआ है। जिसमें आश्रम जीर्णोद्धार के नाम पर नकली सोने के जेवर और बिस्किट थमाकर 15 लाख 35 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है। डीडीनगर थाना पुलिस ने संत आदेश दास सुधासी के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत् अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी दूसरे राज्य का रहने वाला है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। 


पुलिस ने बताया कि सेक्टर 1 डीडीनगर निवासी श्रीमती गोपा शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार संत आदेश दास सुधासी परिचित है और उसका प्रार्थिया के घर आना-जाना लगा रहता था। परिवार का संत के प्रति विश्वास था। इसी विश्वास का लाभ उठाते हुए 16 मार्च 2023 से 18 मार्च 2023 के बीच आरोपी ने आश्रम जीर्णोद्धार की बात कही। इसके लिए रुपए की आवश्यकता बताई और कहा उसके पास सोना है। चर्चा के दौरान सोने के बदले नगदी रुपए देने की बात कही। इस पर प्रार्थिया राजी हो गई। आरोपी ने 15 लाख 35 हजार रुपए लिए, इसके बदले में सोने के आभूषण और बिस्किट थमाए। बाद में जांच में सोना नकली निकला। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू का कहना है कि पुलिस पड़ताल में जुटी है। आरोपी दूसरे राज्य का रहने वाला है, उसका आना-जाना लगा रहता था।

Comments