CG RERA का बड़ा कदम: 595 प्रमोटरों को नोटिस, 989 हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में कॉमन एरिया हस्तांतरण पर सवाल

रायपुर, 9 जून 2026। छत्तीसगढ़ में कॉलोनी, अपार्टमेंट और हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में रहने वाले लोगों के हितों की रक्षा के लिए छत्तीसगढ़ रेरा (CG RERA) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने प्रदेश के 595 प्रमोटरों को नोटिस जारी किया है। जांच में 989 ऐसे प्रोजेक्ट चिन्हित किए गए हैं जो पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन वहां के रहवासियों की सोसायटी या एसोसिएशन को अब तक कॉमन एरिया और आवश्यक सुविधाओं का अधिकार नहीं सौंपा गया है।
रेरा की जांच में सामने आया कि कई परियोजनाओं में बिल्डरों द्वारा रहवासियों की सोसायटी या एसोसिएशन का गठन नहीं कराया गया। वहीं पार्क, कम्युनिटी हॉल, ओपन स्पेस, सड़क, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य साझा सुविधाओं का हस्तांतरण भी लंबित है। इससे रहवासियों को रखरखाव, प्रबंधन और सुविधाओं के उपयोग से जुड़े अधिकारों का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इस कार्रवाई के दायरे में केवल निजी बिल्डर ही नहीं, बल्कि नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड जैसी सरकारी एजेंसियों की कुछ आवासीय परियोजनाएं भी शामिल हैं। रेरा ने सभी संबंधित प्रमोटरों से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर रेरा अधिनियम 2016 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से हजारों फ्लैट और मकान मालिकों को अपने अधिकार प्राप्त करने में मदद मिलेगी तथा आवासीय परियोजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

Comments