सोमवार को रायपुर, दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने अनुकूल सिस्टम और मानसूनी हवाओं की सक्रियता के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लगातार बढ़ेंगी।
मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। किसानों को खेती-किसानी की तैयारियां शुरू करने की सलाह दी गई है, जबकि लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के प्रवेश के बाद तापमान में और गिरावट आएगी तथा गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। इससे जलस्तर, कृषि गतिविधियों और पेयजल व्यवस्था को भी फायदा पहुंचेगा।

Comments