सीएम साय ने 'हम होंगे कामयाब 2.0' पोर्टल किया लॉन्च: युवाओं को एक क्लिक में मिलेगा रोजगार और करियर गाइडेंस

युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल लॉन्च किया। 
युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल लॉन्च किया। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान इस पोर्टल की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने पोर्टल को जिला प्रशासन की अभिनव पहल बताते हुए युवाओं से अधिक से अधिक पंजीयन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार को प्राथमिकता दे रही है।
 
 
‘हम होंगे कामयाब 2.0’ पोर्टल पर युवाओं को रोजगार के अवसर, प्रशिक्षण कार्यक्रम, करियर काउंसलिंग और स्वरोजगार संबंधी जानकारी एक ही मंच पर मिलेगी। पोर्टल में फिलहाल 468 युवाओं का पंजीयन हो चुका है, जबकि 513 रिक्तियां और 21 ट्रेड उपलब्ध हैं। इसमें सीमेंट प्लांट सहित विभिन्न निजी और शासकीय संस्थानों की नौकरियां जोड़ी गई हैं।
 
पोर्टल की खास बात यह है कि 8वीं पास से लेकर उच्च शिक्षित युवा तक अपनी योग्यता के अनुसार सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और एजेंट-मुक्त रखी गई है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञों द्वारा करियर मार्गदर्शन की सुविधा भी दी जाएगी।
 
प्रशासन के मुताबिक इस प्लेटफॉर्म के जरिए कंपनियां भी सीधे योग्य युवाओं से संपर्क कर सकेंगी। साइबर फ्रॉड और फर्जी जॉब ऑफर से बचाने के लिए शासकीय विभागों और औद्योगिक संस्थानों को भी पोर्टल से जोड़ा गया है। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Comments