आसमान से बरस रही आग, राजनांदगांव में पारा 46 डिग्री, रायपुर-बिलासपुर 44 पार, 8 जिलों में लू का यलो अलर्ट

रायपुर, 24 मई 2026। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में 45 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री और राजधानी रायपुर में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। सुबह साढ़े 10 से 11 बजे के बीच ही अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।
दोपहर की तेज धूप के बाद रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। कई जिलों में रात 8 बजे तक तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए धमतरी, महासमुंद समेत 8 जिलों में लू चलने की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर में भी तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने और हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
प्रदेश के राजनांदगांव और दुर्ग देश के सबसे गर्म शहरों की सूची में शामिल हो गए हैं। देश में सबसे अधिक तापमान विदर्भ के ब्रम्हपुरी में 47.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा चंद्रपुर और यूपी के बांदा में 46.2 डिग्री, जबकि गढ़चिरौली और प्रयागराज में 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। देशभर के 19 शहरों में पारा 45 डिग्री या उससे अधिक दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं आने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश में ग्रीष्म लहर की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।
प्रदेश के प्रमुख जिलों का तापमान इस प्रकार रहा — राजनांदगांव 46 डिग्री, दुर्ग 45 डिग्री, बिलासपुर 44.5 डिग्री, रायपुर 44.3 डिग्री, बेमेतरा 43.8 डिग्री, जांजगीर-चांपा 43.7 डिग्री, रायगढ़ 43.4 डिग्री, सारंगढ़ 43.3 डिग्री, बस्तर 43.1 डिग्री और कोरबा 42.4 डिग्री सेल्सियस।

Comments