अंबिकापुर के घुनघुट्टा नदी में डूबे चाचा-भतीजा: दोनों की मौत
अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम मेंड्राकला स्थित घुनघुट्टा नदी में डूब रहे चाचा को बचाने के प्रयास में भतीजे की भी जलसमाधि हो गई जबकि एक किशोर की हालत गंभीर हो गई। उसे मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के आईसीयू में भर्ती किया गया है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मायापुर चांदनी चौक निवासी उज्जवलदीप भारती पिता कृष्णा प्रसाद भारती 17 वर्ष के चाचा उत्तर प्रदेश निवासी अमन कुमार भारती पिता अमला भारती 19 वर्ष दो दिनों पूर्व ही घुमने के लिए अंबिकापुर के मायापुर आया था। आज मंगलवार को अमन कुमार भारती अपने भतीजे उज्जवलदीप भारती और उज्जवलदीप के दोस्त समर्थ सोनी पिता विनय सोनी 17 वर्ष निवासी जरहागढ़ अंबिकापुर और समर्थ के 9 साल के भतीजे को साथ में नहाने के लिए मेंड्राकला स्थित घुनघुट्टा नदी गए थे। पुलिस के मुताबिक अमन कुमार भारती ने जैसे ही नदी में छलांग लगाई वह डूबने लगा उसे डूबता देख भतीजे उज्जलवदीप ने भी छलांग लगा दी थोड़ी देर में समर्थ सोनी भी कूद पड़ा, तीनों नदी में डूबने लगे जिससे नदी के किनारे खड़े समर्थ के भतीजे ने शोर मचाना शुरू कर दिया। हल्ला सून मवेशी चरा रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को बाहर निकाल मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने अमन कुमार भारती और उज्जवलदीप भारती को मृत घोषित कर दिया जबकि समर्थ सोनी की हालत गंभीर होने पर उसे गहन चिकित्सा ईकाई में भर्ती कराया है। घटना से परिजनों में शोक है। पुलिस ने शवों को मर्च्यूरी कक्ष में रखवाया है। विदित हो कि मेंड्राकला के घुनघुट्टा नदी में करीब एक सप्ताह पूर्व भी हादसा हुआ था जिसमें मामा, भांजी सहित एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि घुनघुट्टा नदी काफी गहरा होने के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। कीचड़ में पैर फंसने के चलते ही कई बार युवा बाहर नहीं निकल पाते है। ग्रामीणों ने घुनघुट्टा नदी में इस तरह के हादसे रोकने सुरक्षा के प्रबंध किए जाने की मांग की है।

Comments